विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा है कि शासन द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे यह जिम्मेदारी सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद प्रदेश में सत्तारूढ़ सरकारों का आकलन जनता को करना होगा। श्री कुंजवाल लमगड़ा ब्लाक के पनियालीछीना-कनरा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करना होगा, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। जागेश्वर विधानसभा को आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में पहचान दिलाई जाएगी।
पलायन रोकने और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मडुवा, गहत, भट, चौलाई उत्पादन को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने पनियालीछीना में गंगनाथ मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 75 हजार और गांव में संपर्क मार्ग के लिए 75 हजार रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।
पनियालीछीना गांव में जन मिलन केंद्र और प्राथमिक स्कूल लमकोट के जीर्ण-शीर्ण भवन की मरम्मत के लिए आंगणन तैयार करने, कनरा महादेव के अधूरे धर्मशाला को पूरा करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।
रमेश मेलकानी, देवेंद्र धौनी, बीडीसी सदस्य मनोज रावत, राजेंद्र चिलवाल, पान सिंह बोरा, देवकी बिष्ट, मुकेश पांडे, ईश्वरी राम, बहादुर सिंह, खीम सिंह, खड़क सिंह आदि ने विचार रखे।
इस मौके पर कांग्रेस में शामिल होने वालों का श्री कुंजवाल ने स्वागत किया और बुजुर्ग कांग्रेसियों को सम्मानित किया। अध्यक्षता किशन सिंह और संचालन गोपाल सिंह बिष्ट ने किया। बाद में श्री कुंजवाल ने बारिश के बीच कुंज, चायखान, डुबरौली, सांगड़, चलनीछीना आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क किया।