भुजान बैरियर में स्थापित केंद्र में जानकारी लेते पर्यटक।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा/रानीखेत। भुजान बैरियर में भी बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की आरटीपीसीआर जांच शुरू कर दी गई है। भुजान में सोमवार को बगैर जांच कराने पर 20 पर्यटकों को वापस लौटा दिया गया।अन्य केंद्रों में भी आवश्यकता के अनुसार जांच केंद्र स्थापित किए जाने की कवायद किए जाने की उम्मीद है।
मालूम हो कि कोरोना की दूसरी लहर के साथ ही बाहरी राज्यों से आने वालों की ट्रेकिंग की व्यवस्था शुरू कर दी गई हे। अल्मोड़ा में लोधिया बैरियर में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को रोक उनकी आरटीपीसीआर निगेटिव जांच रिपोर्ट मांगी जा रही है। अल्मोड़ा जिले में प्रवेश के लिए चार बॉर्डर हैं, जबकि एकमात्र लोधिया में ही जांच केंद्र बनाया गया था। दो अप्रैल को अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर जिला प्रशासन ने भुजान में भी जांच केंद्र स्थापित कर दिया है। केंद्र से 20 पर्यटकों को बगैर जांच के आने पर वापस लौटा दिया गया। वहीं सौ से अधिक लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए स्वैब लिए गए। इधर अल्मोड़ा एसडीएम मोनिका ने बताया कि बीते दिनों मोतियापाथर में भी जांच टीम बैठाई थी। जैसे-जैसे जरूरत पड़ेगी सभी सीमाओं में केंद्र सुचारु किए जाएंगे। भुजान में डॉ. भारत सिंह, गजेंद्र पाठक, प्रियंका धानिक, राजस्व उपनिरीक्षक गिरीश कुमार, विजेंद्र नाथ आर्या, कुंदन धपोला, जाकिर हुसैन, हरीश सिंह आदि मौजूद रहे।