बागेश्वर/कांडा। कांडा तहसील के औचक निरीक्षण में कई खामियां मिलीं। प्रभारी तहसीलदार देरी से कार्यालय पहुंचे। कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कंट्रोल रूम का फोन डेड मिला। अव्यवस्थाओं को देखकर डीएम आकांक्षा कोंडे ने कड़ी नाराजगी जताई। प्रभारी तहसीलदार और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को डीएम कोंडे ने तहसील के औचक निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका, डिस्पैच रजिस्टर, पत्र प्राप्ति रजिस्टर और विभिन्न अभिलेखों को देखा। उन्हें कार्यालयी कार्यों में कई कमियां मिलीं। कंट्रोल रूम में भी व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं। उन्होंने आरके सेक्शन में पंजिकाओं, आपदा मद में वितरित धनराशि से संबंधित अभिलेखों की जांच की। जीपीएफ और सेवा पुस्तिकाओं की समीक्षा की। बिल और भुगतान से जुड़े अभिलेखों की भी जांच की। अलाव के लिए उपयोग में लाई गई लकड़ी व कंबल वितरण के बिलों का भी परीक्षण किया। तहसील परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं पाए जाने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील परिसर के पास निर्माणाधीन न्यायालय भवन और आवासीय भवन की प्रगति का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।