जीजीआईसी अल्मोड़ा में छात्राओं को संबोधित करते सीडीओ मनुज गोयल।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। महिला सशक्तीकरण और बाल विकास विभाग की ओर से महिला शक्ति केंद्र ने जीजीआईसी सभागार में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कॅरिअर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सीडीओ मनुज गोयल ने किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के पश्चात छात्राएं अपने पसंद के कोर्स में प्रवेश ले सकें। विशेषज्ञ काउंसलर द्वारा छात्राओं की काउसिंलिंग की जा रही है, जो कि उनके लिए लाभप्रद होगी।
दिल्ली से आए कॅरिअर काउंसलर गौरव सचदेवा ने कक्षा 12 उत्तीर्ण होने करने के पश्चात प्रतियोगी परीक्षाओं के अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, सिविल सर्विसेस, बैंक, एयर फोर्स, नेवी, आर्मी, पुलिस विभाग में रोजगार संबंधी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की शंकाओं का भी समाधान किया। छात्राओं के मध्य विभिन्न कोर्सों के विषय में चर्चा कराई गई। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों की ग्यारहवीं और बारहवीं की छात्राओं ने भाग लिया। अध्यक्षता प्रधानाचार्या सावित्री टम्टा ने की। संचालन में विनोद कुमार राठौर, नवल सिंह, भास्कर भट्ट, राजीव तिवारी, गीतम भट्ट, सुमन बिष्ट ने भी सहयोग दिया।