रानीखेत में इंडो-यूएस युद्धाभ्यास
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत (अल्मोड़ा)। चौबटिया में इंडो-अमेरिका युद्धाभ्यास जारी है। बौद्धिक सत्र के साथ ही दोनों देशों की सेनाएं काउंटर ऑफ इंसरजेंसी विद्रोह और काउंटर ऑफ टैररिज्म के लिए छद्म युद्ध के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
आतंकवादी ठिकानों को बमों के माध्यम से उड़ाने की तकनीक भी सिखाई जा रही है। वहीं ऑपरेशन में घायल जवानों को लाने जाने, आतंकवादियों के खिलाफ मोर्चा लेने सहित तमाम गतिविधियों का भी अभ्यास चल रहा है।
आतंकवाद और उग्रवाद के खात्मे को लेकर भारत अमेरिका के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास तीसरे दिन में प्रवेश कर गया है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक तीसरे दिन भी फील्ड ट्रेनिंग हुई। मुख्य अभ्यास के लिए सैनिकों ने खूब पसीना बहाया।
आतंकवादियों को ढेर करने के लिए संयुक्त रणनीति बनाई गई। काउंटर ऑफ टैररिज्म आतंकवादियों को उन्हीं के मुताबिक माकूल जवाब देना और काउंटर ऑफ इंसरजेंसी गांव गांव में छिपे उग्रवादियों को ढूंढ निकालने की तकनीकों को साझा किया जा रहा है। बौद्धिक सत्र के तहत आतंकवादी ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक हथियारों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।