रानीखेत (अल्मोड़ा)। विधायक और नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने यहां लोनिवि विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के निर्माण में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी।
अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा। उन्होंने आधे अधूरे विकास कार्यों को लेकर कई विभागों के अधिकारियों को फटकार भी लगाई। विधायक निधि के कार्यों का प्रस्ताव 15 दिन के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए।
विधायक अजय भट्ट ने कहा कि विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचनी चाहिए। योजनाओं का निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तायुक्त हो इसकी व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने खाद्य पूर्ति विभाग के अधिकारियों से राशन कार्ड से वंचित ग्रामीणों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त राशनकार्डों के वैरीफिकेशन का कार्य 21 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। जल संस्थान के अधिकारियों से विधायक निधि से रानीखेत नगर के लिए स्वीकृत तीन ट्यूबवेलों की प्रगति पूछी। अधिकारियों ने बताया कि पुदीनापानी वाले ट्यूबवेल की टेस्टिंग हो गई है।
इससे 400 एलपीएम पानी मिलेगा। जबकि कालू गधेरा और रानीझील वाले ट्यूबवेल की टेस्टिंग शीघ्र होगी। नेता प्रतिपक्ष ने क्षेत्र में लंबित पड़ी सड़कों का निर्माण कार्य यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की भी समीक्षा हुई।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता एके कटारिया, जल संस्थान के ईई केएस खाती, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत, ध्यान सिंह नेगी, हंसादत्त बवाड़ी, कामरान कुरैशी सहित तमाम लोग मौजूद थे।