फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-नेपाल मैत्री को बढ़ावा देने को होगी साइकिल यात्रा

Mon, 20 Apr 2015 11:31 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत और नेपाल संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के लिए इंटरनेशनल ब्रदर्स डे (अंतरराष्ट्रीय भाई दिवस) पर 24 मई को एसएसबी और नेपाल आर्म्ड फोर्स (एनएएफ) के जवानों और अधिकारियों द्वारा नेपाल सीमा से लगे क्षेत्र में करीब 200 किमी लंबी साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के जरिये दोनों देशों के लोगों को भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
विज्ञापन


यहां एसएसबी सेक्टर मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसबी महानिरीक्षक आईजी श्याम सिंह ने बताया साइकिल रैली 24 मई को गौरीफंडा से शुरू होकर नेपाल सीमा के विभिन्न इलाकों में जाएगी और वापस गौरीफंडा में रैली का समापन होगा। एसएसबी और एनएएफ के जवान, अधिकारी और स्वयंसेवी साधारण साइकिलों से यात्रा करेंगे। पांच दिवसीय इस यात्रा में भारत और नेपाल की तरफ से 15-15 लोग शामिल होंगे। साइकिल यात्री शारदा नदी के नजौलिया से टाटरगंज तक 27 किमी की यात्रा नाव से तय करेंगे, क्योंकि इस इलाके में सड़क नहीं है। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे और दोनों देशों के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।

आईजी ने बताया पैरामिलिट्री फोर्स में होने जा रही सिपाहियों की भर्ती में नेपाल सीमा क्षेत्र के युवाओं को अधिक से अधिक अवसर दिलाने के लिए भी एसएसबी जागरूकता अभियान चला रही है। उन्हें भर्ती में वरीयता भी दी जाएगी। सीमा क्षेत्र के युवक-युवतियों के फार्म भरवाकर शारीरिक और लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि सीमा क्षेत्र के युवक-युवतियों को भी भर्ती में अधिक से अधिक अवसर मिल सकें। बताया कि एसएसबी स्वयंसेवकों (गुरिल्लों) का नए सिरे से सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए जगह-जगह कैंप आयोजित किए जाएंगे।  
विज्ञापन


बनाए जाएंगे पुल, आवागमन होगा सुगम
आईजी श्याम सिंह ने बताया कि नेपाल सीमा में बनबसा के पास पुल बनाया जाएगा, जिससे व्यापार भी बढ़ेगा। इसके अलावा झूलाघाट और धारचूला के बीच लाली और धूरा में भी पुल बनाए जाएंगे। धारचूला में बड़ा पुल बनेगा और जौलजीबी में क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर दूसरा पुल बनाया जाएगा। सीमा पर धारचूला से आगे भी एक पुल बनेगा, ताकि लोगों को तार आदि के जरिए नदी पार नहीं करनी पड़े।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें