एसएसबी के सेक्टर मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी व संस्था के पदाधिकारी।। संवाद
अल्मोड़ा। एसएसबी के सेक्टर मुख्यालय अल्मोड़ा में एसएसबी और स्पर्धा संस्था की ओर से बृहस्पतिवार को मानव तस्करी विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम हुआ। इसमें पिथौरागढ़ और चंपावत में भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के अधिकारी व जवान शामिल हुए। संस्था के प्रमुख चाइल्ड हेल्पलाइन सब सेंटर सल्ट के निदेशक दीप चंद्र बिष्ट ने कहा कि वर्ष 2013 के बाद भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी के मामले बढ़े हैं। भारत मानव तस्करी के लिए विश्व में पांचवें स्थान पर है। वहीं विश्व में हर वर्ष डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों की खरीद-फरोख्त होती है जो गहरी चिंता का विषय है।
बिष्ट ने कहा कि गरीबी व अशिक्षा मानव तस्करी का बड़ा कारण है। भारत-नेपाल सीमा के आरपार बड़े पैमाने पर मानव तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसे रोकने में दोनों देशों की सीमा पर तैनात एसएसबी बड़ी भूमिका निभा रही है। सेक्टर हेड क्वार्टर अल्मोड़ा के उप महानिदेशक डीएन भोम्बे ने कहा कि सीमा पर एसएसबी के जवान मानव तस्करी को रोकने का गंभीरता से काम कर रहे हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों को मानव तस्करी के शिकार लोगों को पहचाने के टिप्स दिए। कहा कि हर व्यक्ति को मानव तस्करी रोकने के लिए एसएसबी का साथ देना होगा। कार्यक्रम में सहायक सेनानी अभ्युदय निंबा सालूंखे, निरीक्षक अजय सिंह पवार, 55 वीं बटालियन पिथौरागढ़ के उप सेनानी दिवाकर भट्ट, निरीक्षक गणेश सिंह, 11वीं बटालियन डीडीहाट के सहायक सेनानी सुरेश पाल, पांचवीं बटालियन चंपावत के निरीक्षक संजीव चक्रवर्ती, अनीता लोहनी, कैलाश रौतेला आदि मौजूद रहे।