केसीपीएल फर्म में दस्तावेजों को खंगालती आयकर की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीरी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड (केसीपीएल) फर्म में आयकर विभाग ने छापा मारा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी, अलबत्ता अनियमितताओं के बारे में अभी तक कुछ भी खुलासा नहीं हो सका है। विभागीय टीम सुबह से ही वहां दस्तावेजों और कंप्यूटर आदि को खंगालने में लगी हुई थी।
आयकर विभाग की टीम तड़के रानीखेत पहुंची। इस दौरान केेसीपीएल के गांधी चौक स्थित कार्यालय परिसर पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गया। बताया गया है कि फर्म मालिक कश्मीरी लाल अग्रवाल के मालरोड स्थित आवास में भी छापेमारी की कार्रवाई की गई है। बुधवार को गांधी चौक पूरी तरह से छावनी में तब्दील रहा। सुबह ही टीम वहां पहुंच गई थी, विभागीय टीम के कार्यालय में पहुंचते ही दरवाजे बंद हो गए थे।
पूरे क्षेत्र को पुलिस ने घेर लिया। अंदर टीम दस्तावेजों और कंप्यूटर आदि खंगालने में जुटी हुई थी। यहां तक की मीडिया कर्मियों के लिए भी अंदर आने में सख्ती बरती गई थी। देर शाम तक विभागीय टीम की जांच जारी थी। जिसके चलते अनियमितताओं के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। मालूम हो कि तीन साल पहले भी केसीपीएल में आयकर विभाग की टीम छापे मार चुकी है।