बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन का विधिवत उद्घाटन करते विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। मशीन की स्थापना से अल्मोड़ा ही नहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस मशीन की घोषणा पूर्व में मुख्यमंत्री ने की थी और मरीजों को अब सीटी स्कैन के लिए मैदानी क्षेत्र में नहीं जाना पड़ेगा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि बेस में 16 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन से कुमाऊं क्षेत्र के दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलेगा। सीएमओ डॉ. विनीता शाह ने बताया कि मशीन आधुनिक स्पाइनल सीटी स्कैन मशीन है जो जापान से मंगाई गई है।
उन्होंने बताया कि इसमें एक रोटेशन में शरीर के किसी भी भाग का सीटी स्कैन किया जा सकता है। साथ ही इस मशीन में डेन्टल ट्रामा तथा एन्जियोग्राफी की सुविधा के साथ कोकोनोस्कापी, बरन्वुअल, ब्रोन्कोस्कोपी, केरेन्जियोस्कोपी भी की जा सकती है।
इस अवसर पर प्रमुख अधीक्षक बेस एचसी गड़कोटी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता हंयाकी, डॉ. योगेश पुरोहित, रेडियोलाजिस्ट डॉ. निखिल कुमार, सीटी स्कैन प्रभारी महेश भटट, टैक्नोलाजिस्ट कविता भटट, सहायक गोपाल सिंह मेहता सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अन्य लोग उपस्थित थे।