फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जांच समिति ने परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने पर दिया जोर

विज्ञापन
जांच समिति द्वारा बुलाई गई बैठक में मौजूद डीएसडब्ल्यू और प्राक्टर बोर्ड के सदस्य। - फोटो : ALMORA
विज्ञापन
अल्मोड़ा। कुमाऊं विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में बीते दिनों आंदोलन के दौरान हुई घटना को छात्रों ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। जांच समिति से बातचीत के दौरान उन्होंने सभी अध्यापकों से माफी मांगने की बात कही। समिति ने छात्रसंघ पदाधिकारियों, प्राक्टर, डीएसडब्ल्यू बोर्ड और परिसर के शिक्षकों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने के लिए योगदान देने को कहा। बैठक में छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती, पूर्व परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी, डीएसडब्ल्यू और प्राक्टर मौजूद नहीं रहे।
विज्ञापन

बीते दिनों हुए छात्र आंदोलन के बाद कुलपति द्वारा गठित जांच कमेटी ने सोमवार को एसएसजे परिसर में परिसर प्रशासन के अधिकारियों और छात्रों के बीच परस्पर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने के उद्देश्य से बैठक की। जांच समिति के संयोजक और विवि कार्य परिषद के सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता केवल सती ने बताया कि कमेटी ने सबसे पहले छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने छात्रसंघ पदाधिकारियों से परिसर में शैक्षिक वातावरण बनाने में सहयोग करने को कहा। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने बीते दिनों हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए समिति के माध्यम से सभी अध्यापकों से माफी मांगने की बात कही। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने परिसर की समस्याएं भी गिनाईं। जांच समिति के संयोजक ने बताया कि छात्रसंघ पदाधिकारियों की समस्याएं कुलपति के समक्ष रखी जाएंगी।
छात्रसंघ पदाधिकारियों की ओर से महासचिव नवीन कनवाल, उपाध्यक्ष अरविंद वोहरा, कोषाध्यक्ष राहुल अधिकारी, छात्रा उपाध्यक्ष मेघा डसीला और उपसचिव दीपक तिवारी मौजूद रहे। उसके बाद जांच समिति ने डीएसडब्ल्यू, प्राक्टर बोर्ड सदस्यों की बैठक ली। समिति ने बोर्ड से परिसर में शैक्षिक वातावरण बनाने का अनुरोध किया। बोर्ड सदस्यों ने कहा पिछले दिनों की घटना के बाद से शिक्षकों में भय बना हुआ है। बोर्ड ने जांच समिति को समस्याएं भी गिनाईं। जांच समिति संयोजक केवल सती ने बोर्ड की समस्याएं सुनीं और कुलपति से निराकरण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया डीएसडब्ल्यू और प्राक्टर बोर्ड के इस्तीफे अभी कुलपति को नहीं मिले हैं। जांच समिति संयोजक ने बताया कि बैठक में छात्रसंघ अध्यक्ष, पूर्व में निदेशक के रूप में कार्यरत रहे प्रो. आरएस पथनी, डीएसडब्ल्यू और प्राक्टर मौजूद नहीं थे।
विज्ञापन

बाद में जांच समिति ने परिसर के सभी शिक्षकों की अलग से बैठक ली। पांच सदस्यीय जांच समिति में संयोजक केवल सती, प्रो. एसपीएस मेहता, प्रो. बीएस बिष्ट और प्रो. डीके भट्ट शामिल रहे। जबकि एक अन्य सदस्य अशोक कनवाल मौजूद नहीं रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें