एसडीएम एनएस नबियाल के नेतृत्व में अवैध खनन के खिलाफ चौखुटिया, मासी इलाकों में की गई छापेमारी में 550 घन मीटर अवैध पत्थर बरामद किया गया है। मामले में संबंधित चालान काटकर पत्रावली डीएम को भेज दी गई है। चालान की धनराशि डीएम तय करेंगे।
चौखुटिया, मासी के बीच पिछले कई दिनों से अवैध खनन होने की शिकायतें मिल रही थी। शुक्रवार को तहसील प्रशासन ने एसडीएम एनएस नबियाल के नेतृत्व में कई स्थानों पर छापे मारे। चिनौनी स्थित हॉटमिक्स प्लांट में तीन स्थानों पर एकत्र किया गया एक ठेकेदार का 50 घनमीटर पत्थर बरामद किया गया। पन्याली से भटकोट तक सड़क में रामगंगा नदी से उठाकर बिछाया गया 500 घनमीटर पत्थर भी बरामद किया गया है।
दोनों स्थानों पर बरामद माल संबंधित ठेकेदार का ही पाया गया। एसडीएम ने बताया कि ठेकेदार कंवलजीत सिंह के मुंशी परनीत सिंह, हेम चंद्र भट्ट की मौजूदगी में कार्रवाई हुई। इस टीम में एसडीएम के साथ लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता विजयपाल सिंह, पुलिस हेड कांस्टेबल गोविंद सिंह, राजस्व निरीक्षक महेश तिवारी आदि शामिल थे।
अवैध खनन के खिलाफ व्यापक अभियान
एसडीएम एनएस नबियाल ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है। अवैध खनन करने वालों को चिन्हित किया जाएगा। अवैध खनन पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। इस बाबत पुलिस को भी निर्देशित किया गया है। क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की जानकारी शासन तक पहले ही पहुंच गई है। अवैध खनन के चलते मासी क्षेत्र की कतिपय पेयजल योजनाओं के लिए खतरा पैदा होने और इसे लेकर आक्रोशित मासी की जनता द्वारा आंदोलन की चेतावनी देने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।