स्याल्दे (अल्मोड़ा)। तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाला ईकूखेत–भाकूड़ा मोटर मार्ग जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए हादसा होने का खतरा बना हुआ है। इस सड़क पर प्रतिदिन 30 से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है।
तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाला यह मुख्य मोटर मार्ग मानसून काल के दौरान जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क से डामर भी उखड़ चुका है। इससे बड़े वाहन चालकों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए रपटने का खतरा बना हुआ है। सड़क पर हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इस सड़क से चनौली, शेरा, खड़कू, भनेरिया, मल्ला भाकूड़ा, जूनिया सहित अन्य गांव के लगभग एक हजार से अधिक लोग प्रतिदिन तहसील मुख्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना घटित होने की संभावना बनी हुई है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुनील टम्टा ने बताया कि इस विषय में उन्होंने पूर्व में मौखिक रूप से कार्रवाई के लिए विभाग को अवगत कराया जा चुका है। अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र नेगी ने बताया कि जनहित को देखते हुए मोटर मार्ग का जल्द निरीक्षण कर सड़क का सुधारीकरण और डामरीकरण कराया जाना चाहिए।
वर्जन
प्रस्ताव जिले को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - आषीश भेतवाल, एई, पीएमजीएसवाई सल्ट