अल्मोड़ा। उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की लक्ष्मेश्वर स्थित शिक्षक भवन में शनिवार को बैठक हुई। वक्ताओं ने 30 सितंबर तक वेतन विसंगति समेत अन्य समस्याओं का हल नहीं होने पर मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
संघ के जिलाध्यक्ष पंकज पांडे ने जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत शिक्षकों के चयन व प्रोन्नत, वेतन विसंगति से संबंधित अवशेष देयकों का त्वरित भुगतान और समग्र शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों के अवशेष देयकों का भुगतान करने की मांग की। कहा कि प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के पदों पर पदोन्नति की विज्ञप्ति जारी की जाए।
समग्र शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों को महीने की पहली तारीख को वेतन भुगतान किया जाए। वेतन भुगतान में हो रहे अनावश्यक विलंब पर रोक लगाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष पांडे ने वरिष्ठ और कनिष्ठ शिक्षकों के वेतन विसंगतियों का निराकरण करने, शिक्षकों की वरिष्ठता सूची संशोधित कर जारी करने, शिक्षकों के सभी उपार्जित अवकाश (सेवानिवृत शिक्षक) का भुगतान करने की मांग की।