अल्मोड़ा में राज्य का पहला आवासीय विश्वविद्यालय खुलने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि शीघ्र ही विश्वविद्यालय के लिए स्थान का चयन करके आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने करीब एक साल पहले अल्मोड़ा में जेएनयू की तर्ज पर राज्य का पहला आवासीय विवि खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने इसे अल्मोड़ा परिसर से हटकर बनाने की बात कही थी। ताकि अल्मोड़ा परिसर का अस्तित्व बरकरार रह सके। अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई कैबिनेट की बैठक में अल्मोड़ा में मंजूर आवासीय विवि की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि अब विश्वविद्यालय जल्दी से जल्दी स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। आवासीय विवि के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है। अल्मोड़ा में कुछ स्थानों पर भूमि चिन्हित की गई है। इस बारे में शीघ्र फैसला कर लिया जाएगा।
बता दें कि विश्वविद्यालय को स्थापित करने की प्राथमिक तैयारियों के लिए सरकार ने कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो.एचएस धामी को ओएसडी बनाया है। प्रो. धामी ने बताया कि आवासीय विवि में रोजगार परक विषय ही पढ़ाए जाएंगे। ताकि यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को रोजगार के लिए नहीं भटकना पड़े।