द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। यहां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ के सहारे चल रहा है, जबकि विशेषज्ञ डाक्टरों के छह पद स्वीकृत हैं। हालात यह है कि पांच माह से अल्ट्रासाउंड तक नहीं हुए हैं। जिस कारण 10 लाख रुपए की मशीन धूल फांक रही है, जबकि यहां गैरसैंण से भी रोगी उपचार को पहुंचते हैं। द्वाराहाट कुमाऊं इंजीनियरिंग कालेज, राजकीय पालीटेक्निक सहित बड़ा आबादी क्षेत्र है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाएं सिफर हैं।
सुविधाओं के अभाव में अस्पताल से रेफरल सेंटर बना हुआ है। चौखुटिया, गैरसैंण, बग्वालीपोखर, जालली सहित आसपास के दूर दराज के क्षेत्रों से प्रतिदिन यहां सैकड़ों रोगी पहुंचते हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों के छह पद सृजित हैं, लेकिन दंत रोग, प्रसूति रोग, रेडियोलॉजिस्ट, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण डाक्टरों के पद रिक्त हैं।
एकमात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ तैनात हैं, उनके पास प्रभारी का प्रभार भी है। यहां पहुंचने वाले रोगियों की भारी फजीहत हो रही है। पांच माह पूर्व जून में अस्पताल आखिरी बार अल्ट्रासाउंड हुआ था, यहां पहले से ही रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है। छह माह पहले क्षेत्रवासियों की मांग पर अल्मोड़ा के जैंती से रेडियोलॉजिस्ट को यहां तैनात किया गया, वह सप्ताह में दो बार आकर अल्ट्रासाउंड कर रहे थे, लेकिन अब उन्होंने भी आना बंद कर दिया है। रोगियों को मजबूरन रानीखेत अथवा हल्द्वानी जाने को विवश होना पड़ रहा है।