रोजगार भर्ती मेले में पंजीकरण कराते अभ्यर्थी।
- फोटो : amar ujala
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जीआईसी अल्मोड़ा के मैदान में आयोजित रोजगार मेले में सैकड़ों अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न कंपनियों ने 508 अभ्यर्थियों का चयन किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के नए अवसर मुहैया कराने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं।
स्वरोजगार के अंतर्गत बेरोजगार अभ्यर्थी अपने हुनर को पहचान कर विभिन्न कंपनियों में अपनी सेवाएं प्रदान कर सकता है। उन्होंने कंपनी, नियोजकों से कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को उनके हुनर के अनुरूप रोजगार मिले इसका ध्यान रखें। विशिष्ट अतिथि विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि रोजगार से किसी भी प्रदेश और जिले की विकास दर तय की जाती है। मेले में 1500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिसमें 1010 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया।
स्वरोजगार के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मोहन खोलिया, महेश आर्या, गीता रावत, नवीन कुमार, निशा रानी को कौशल सारथी पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्हें स्मृति चिन्ह भी दिया गया। कार्यक्रम में कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्रालय के स्टेट हेड जयकांत सिंह, सीडीओ मनुज गोयल, एसडीएम विवेक राय, उद्यमिता मंत्रालय के सुधांशु जोशी, मो. कलीम, समीर सिंह, सेवायोजन अधिकारी एएस बिष्ट, ललित मोहन मेहता, धर्मेन्द्र बिष्ट मौजूद थे। संचालन चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने किया।