जिला अस्पताल अल्मोड़ा में डॉक्टर कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़।
अल्मोड़ा। रविवार के साप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार को खुलते ही जिले के प्रमुख अस्पतालों में मरीजों का तांता लग गया। ठंड और बदलते मौसम के बीच उपचार कराने पहुंचे मरीजों के कारण जिला अस्पताल और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल की ओपीडी पूरी तरह पैक नजर आई।
दोनों बड़े अस्पतालों में कुल मिलाकर 1250 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे जिसके चलते सुबह से ही काउंटरों और डॉक्टरों के कमरों के बाहर लंबी लाइनें लगी रहीं। रविवार को अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद रहने के कारण सोमवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। जिले के दूर-दराज के इलाकों जैसे हवालबाग, धौलादेवी, भैंसियाछाना, ताकुला, लमगड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीज और उनके तीमारदार तड़के ही बसों और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंच गए थे। वर्तमान में जाड़े का मौसम शुरू होने के साथ ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। अस्पतालों में आने वाले अधिकतर मरीज वायरल फीवर, तेज बदन दर्द, सर्दी-खांसी और दांत दर्द की समस्याओं से ग्रसित थे। इसके अलावा बाल रोग विभाग और फिजिशियन के कमरों के बाहर सबसे लंबी कतारें देखी गईं। जिला अस्पताल की फिजिशियन डॉ. रितु खनी ने कहा कि बदलते मौसम में लोग विशेष सावधानी बरतें। सुबह-शाम गरम कपड़े जरूर पहनें। ताजा और सुपाच्य भोजन लें।
सुबह नौ से तीन बजे तक संचालित होगी ओपीडी
अल्मोड़ा। शीतकालीन मौसम शुरू होते ही जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी के समय में बदलाव कर दिया गया है। एक नवंबर को रविवार होने के कारण यह नई व्यवस्था सोमवार दो नवंबर से पूरी तरह लागू हो गई है। अब जिले के सभी अस्पताल सुबह नौ बजे खुलेंगे और अपराह्न तीन बजे तक ओपीडी संचालित की जाएगी। यह व्यवस्था आगामी फरवरी माह तक प्रभावी रहेगी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कमलेश जोशी ने बताया कि जाड़े का मौसम शुरू होते ही शासन के निर्देशानुसार ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को इस नई व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
अब यह रहेगा नया समय (नया शेड्यूल)
पर्ची कटने का समय : सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक।
ओपीडी संचालन का समय: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक