जिलाधिकारी सविन बंसल ने अल्मोड़ा जिले के इंडेन गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडरों की होम डिलीवरी करवाने के लिए ठोस प्रयास शुरू कर दिए हैं। डीएम ने कहा है कि नियमानुसार सिलेंडरों की होम डिलीवरी होनी चाहिए। उन्होंने कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी को पत्र लिखकर अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में सिलेंडरों की होम डिलीवरी करने को कहा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि सिलेंडरों की होम डिलीवरी नहीं करके निगम द्वारा नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है।
मालूम हो कि अल्मोड़ा नगर में डे-केयर सेंटर समेत अन्य संगठन लंबे समय से घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी देने की मांग कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया और एडीएम ईला गिरि से जांच करवाई। जांच के बाद डीएम ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक को लिखे पत्र में कहा है कि अल्मोड़ा और धारानौला गैस एजेंसी द्वारा पलिका क्षेत्र में भी एलपीजी सिलेंडरों की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है जो कि मार्केटिंग डिसीप्लेन गाइड लाइन का उल्लंघन है। डीएम ने कहा है कि नगर जिले में सिलेंडरों की होम डिलीवरी नहीं होने से कानून व्यवस्था निरंतर बाधित हो रही है और जनता में आक्रोश है। डीएम ने नगरपालिका क्षेत्र में जल्द सिलेंडरों की होम डिलीवरी शुरू करने को कहा है। डीएम के हस्तक्षेप के बाद अब होम डिलीवरी देने की व्यवस्था शुरू होने की उम्मीद जगी है। उधर कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल ने इस बारे में कहा कि जिलाधिकारी का पत्र फिलहाल उन्हें नहीं मिला है। पत्र मिलने के बाद इस बारे में विचार किया जाएगा।