रानीखेत (अल्मोड़ा)। अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर निर्माण में देवभूमि रानीखेत की मिट्टी भी शामिल होगी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने प्रख्यात मां झूलादेवी मंदिर परिसर से पावन मिट्टी प्रभु श्री राम मंदिर अयोध्या को भेजी।
हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र वासियों के लिए बड़े गर्व की बात है कि पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन है। इससे सभी लोगों में हर्ष का माहौल है।
इस पावन कार्य के लिए रानीखेत की मिट्टी भी प्रयोग में लाने का विचार बना, क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह संभव भी हो सका। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल जिलाध्यक्ष किसन जलाल ने कहा कि इस पावन कार्य के लिए क्षेत्रवासियों का पूरा सहयोग मिला है। वर्षों बाद राम मंदिर बनने का सपना पूरा होने जा रहा है। इस दौरान बजरंग दल के जिला संयोजक राज अधिकारी, दिवान खाती, भूपाल जोशी, राजू बिष्ट, हरीश भगत, पूरन रावत, बालम बिष्ट, देवराज नेगी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।