बदहाल रानीखेत-स्टेट बैंक सड़क। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। गांधी चौक-स्टेट बैंक-नैनीताल बैंक को जोड़ने वाले मुख्य मोटर मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। यहां गड्ढों को मिट्टी और सीमेंट डालकर पाटा गया था लेकिन बारिश होते ही गड्ढों की मिट्टी बह गई और वहां पानी भर गया है। इनकी वजह से कई दोपहिया वाहन चालक घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क की सुध नहीं ली जा रही है।
नगर के तमाम आंतरिक मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल हैं। तीन से चार फीट चौड़े गड्ढे सड़कों पर बने हैं, जिसकी वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कत होती है। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल सड़क की दशा सुधारने की मांग की है। कैंट के अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव भेजा गया है, पैसा मिलते ही खराब सड़कों को ठीक किया जाएगा।
- स्टेट बैंक की सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही है। पूर्व में कई बार पत्थरों के टुकड़े और सीमेंट मिलाकर मैंने स्वयं गड्ढों को पाटने का कार्य किया था, लेकिन बरसात में फिर से गड्ढे बन गए हैं। छावनी परिषद के अधिकारियों को भी इस संबंध में कई बार सूचना दी गई है। -आनंद अग्रवाल, व्यापारी रानीखेत।
- आंतरिक मोटर मार्ग ही पर्यटन की दिशा और दशा तय करते हैं। रानीखेत तो पर्यटन नगरी के नाम से विख्यात है, लेकिन सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। स्टेट बैंक की बदहाल सड़क पर कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
-अजय कुमार बबली, व्यापारी रानीखेत।
- जरूरी बाजार से लेकर स्टेट बैंक को जोड़ने वाले सभी आंतरिक मोटर मार्ग बदहाल हैं। जरूरी बाजार की मुख्य सड़क पर गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्टेट बैंक के पास भी सड़क गड्ढों से पट चुकी है। इसके लिए छावनी परिषद को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
-हिमांशु रावत, जरूरी बाजार रानीखेत।