शहीद कर्नल एमएन राय स्मृति राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसका उद्घाटन 99-पर्वतीय माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर कमांडेंट राजीव ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और लगन से मैच जीते जाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से इन दो सीखों को आत्मसात करने का आह्वान किया। पहले दिन पिथौरागढ़, नाइन जीआर रानीखेत, रानीखेत बी की टीमों ने मुकाबले जीते।
नरसिंह मैदान में रविवार को उद्घाटन मैच पिथौरागढ़ और बागेश्वर के बीच हुआ। दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन बाजी 4-3 से पिथौरागढ़ के नाम रही। दूसरा मुकाबला नाइन जीआर और रानीखेत ए की टीमों के बीच हुआ। यह मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा। अंत में नाइन जीआर ने निर्णायक गोल ठोककर जीत हासिल की। तीसरे मैच में रानीखेत बी और नैनीताल की टीमों ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रानीखेत बी के खिलाड़ियों ने अच्छे पास दिए और एक के बाद एक 4 गोल किए। नैनीताल के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर सके। निर्णायक की भूमिका ललित बिष्ट, दीपक कन्नोजिया, धीरज वर्मा, हर्ष गोयल, गोपाल सिंह, भानु अग्रवाल ने निभाई। हॉकी संघ के जिलाध्यक्ष अगस्त शाह, सुक्रित शाह, यतीश रौतेला, हेमंत बिष्ट, पंकज जोशी, संजय वर्मा, संजय चौधरी, पंकज शाह आदि ने भी सहयोग किया।
आज भिड़ेंगी अल्मोड़ा, काशीपुर और नाइन जीआर की टीमें
राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में हल्द्वानी, हरिद्वार, काशीपुर, नैनीताल सहित कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। 23 फरवरी को रानीखेत और अल्मोड़ा, काशीपुर और नाइन जीआर रानीखेत की टीमों के बीच मुकाबले होंगे।