कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्र परिषद चुनाव में हिमांशु कबडवाल अध्यक्ष, विशाल नेगी उपाध्यक्ष, हेमा पांडेय छात्रा उपाध्यक्ष, हरीश पलड़िया सचिव, कमलेश बुर्फाल संयुक्त सचिव, मनोज पुरी कोषाध्यक्ष चुने गए। चुनाव में शतप्रतिशत मतदान हुआ। नवनिर्वाचित छात्र परिषद में एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी का दबदबा रहा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव चुने गए तीनों छात्र एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी के छात्र हैं।
अध्यक्ष पद के लिए हिमांशु कबडवाल और अर्जुन सिंह मैदान में थे। हिमांशु कबडवाल को 14 और अर्जुन सिंह को छह मत मिले। हिमांशु ने आठ मतों से जीत दर्ज की। दो मत अवैध पाए गए। उपाध्यक्ष पद पर दीक्षित पांडे, राहुल रस्तोगी, विशाल नेगी में चुनाव हुआ। दीक्षित पांडे को दो, राहुल रस्तोगी को छह, विशाल नेगी को 11 वोट मिलेे। विशाल नेगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राहुल रस्तोगी को पांच वोटों से पराजित कर दिया। तीन वोट अवैध पाए गए। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर नेहा चौहान, हेमा पांडेय के बीच मुकाबला हुआ। नेहा चौहान को नौ और हेमा पांडेय को 11 मत पड़े। हेमा पांडेय ने नेहा चौहान को दो मतो से पराजित किया। दो मत अवैध पाए गए। सचिव पद पर हरीश पलड़िया ने वरुन डोगरा को चार मतों से पराजित किया।
हरीश पलडिया को 12 और वरुन डोगरा को आठ मत मिले। दो मत अवैध हो गए। संयुक्त सचिव पद पर कमलेश बुर्फाल ने हितेश कुमार आर्या को तीन मतों से पराजित किया। कमलेश बुर्फाल को 11 और हितेश कुमार आर्या को आठ मत मिले। तीन मत अवैध मिले। कोषाध्यक्ष पद पर मनोज पुरी ने शशांक माहेश्वरी को दो मतों से पराजित किया। मनोज पुरी को 11, शशांक माहेश्वरी को नौ मत मिले। दो मत अवैध मिले।
अध्यक्ष हिमांशु कबडवाल, उपाध्यक्ष विशाल नेगी, सचिव हरीश पलड़िया (तीनों एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी), छात्रा उपाध्यक्ष हेमा पांडेय राजकीय डिग्री कालेज टनकपुर, संयुक्त सचिव कमलेश बुर्फाल एसएसजे परिसर अल्मोड़ा, कोषाध्यक्ष मनोज पुरी डिग्री कालेज बागेश्वर में अध्ययनरत हैं। चुनाव में कुमाऊं विवि नैनीताल, एसएसजे परिसर अल्मोड़ा समेत महाविद्यालयों से चुने गए विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मतदाताओं की संख्या 22 थी। चुनाव अधिकारी प्रो. आरएस पथनी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. दया पंत, कुलानुशासक प्रो. जेएस बिष्ट, पीठासीन अधिकारी प्रो.एनएस भंडारी, प्रो.इला शाह, प्रो. भीमा मनराल, प्रो. एसडी श, प्रो. केएन पांडे, प्रो. जीसी शाह, डा. बीआर कौशल, डा. तेजपाल सिंह, प्रो. एसके अग्रवाल आदि मौजूद थे।