अल्मोड़ा। नगर में तेज रफ्तार बाइकर्स लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। शाम और सुबह के वक्त ये तेज रफ्तार में बाइक को दौड़ाकर लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं। लोगों ने पुलिस से अभियान चलाकर इनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पिछले तीन माह में अल्मोड़ा जिले में ये तेज रफ्तार बाइकर्स 20 से अधिक लोगों का घायल कर चुके है। एक हादसे में तो होटल में काम करने वाले बुजुर्ग की मौत भी हो चुकी है। सुबह के वक्त बच्चों को स्कूल छोड़ने आए अभिभावकों को सर्वाधिक दिक्कत होती है। शाम के वक्त व्यापारियों को काम-काज निपटाकर घर लौट रहे लोगों को। कई बुजुर्ग और अन्य लोग रात में खाना खाने के बाद सड़कों पर घूमने निकलते हैं। बाइकर्स के कारण उनको भी परेशानी होती है। एनटीडी, चौघानपाटा, माल रोड, लोअर माल रोड, धारानौला, एलआर शाह रोड इससे सर्वाधिक प्रभावित हैं। लोगों ने पुलिस से बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
केस 1-
धारानौला निवासी सोनिया जोशी ने बताया कि शाम को वह बाजार से सामान लेकर घर जा रही थी। पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनको टक्कर मार दी जिससे वह गिर गई। उनके साथ छोटा बच्चा भी था उसके हाथ में चोट आ गई। बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
-
केस 2-
चौघानपाटा निवासी राजेंद्र सिंह का कहना वह ड्यूटी खत्म के होने के बाद शाम को घर लौटते हैं। तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क किनारे चल रहे लोगों से सटाकर बाइक निकालते हैं। एक बाइक सवार दो दिन पहले बाइक सटाकर तेज रफ्तार से निकाल रहा था, उसकी बाइक के हैंडिल में लगने से शर्ट फट गई। उन्हें हल्का धक्का लगा।
इनसेट कोट-
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। तेज रफ्तार बाइकर्स और नशे में वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाई जाएगी।- देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा