अल्मोड़ा। जिले के प्रसिद्ध कसारदेवी मंदिर के पास सड़क पर जल्द हेरिटेज स्ट्रीट लाइट श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। रात में सड़क स्ट्रीट लाइट की रोशनी से जगमगाने से क्षेत्र का आकर्षण बढ़ेगा। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों को लुभाने के लिए 50 लाख रुपये से मंदिर के पास सड़क पर 59 हेरिटेज स्ट्रीट लाइट स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। योजना के अस्तित्व में आने से जिले में पर्यटन कारोबार को भी पंख लगेंगे।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थल कसारदेवी मंदिर में हर वर्ष देश-विदेश से काफी संख्या में पर्यटक मानसिक शांति और प्राकृतिक सुंदरता को निहारने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पर्यटन विभाग ने मंदिर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को हेरिटेज लुक देने की पहल शुरू की है। योजना के तहत 50 लाख रुपये से मंदिर के पास सड़क किनारे 59 हेरिटेज स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। योजना के अस्तित्व में आने से रात में स्ट्रीट लाइट की रोशनी में सफर करना पर्यटकों के लिए एक यह नया अनुभव होगा। वहीं मंदिर के पास सड़क के रोशन रहने से यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही भी सुगम होगी।
होटल, होम स्टे कारोबार को लगेंगे पंख
हेरिटेज स्ट्रीट लाइट से कसारदेवी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और भी निखरेगी। इस सुंदरता का आनंद लेने के लिए पर्यटक यहां समय बिताने को मजबूर हो जाएंगे। इससे जिले में पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। ऐसे में मंदिर के समीप संचालित होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट कारोबारियों के कारोबार को गति मिलेगी। वहीं स्थानीय उत्पादों को भी पहचान मिलेगी।
कोट
कसारदेवी मंदिर के पास सड़क किनारे हेरिटेज स्ट्रीट लाइट स्थापित की जाएगी। योजना का उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा के साथ जिले में पर्यटन कारोबार को गति देना है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते की कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - प्रकाश सिंह खत्री, उपनिदेशक पर्यटन विभाग अल्मोड़ा