सल्ट (अल्मोड़ा)। तहसील चौक स्थित उत्तराखंड राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ शाखा सल्ट के शिक्षक भवन में जल निगम की तरफ से नियमों को दरकिनार कर अवैध रूप से पानी का कनेक्शन दिए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जेई और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को इस कनेक्शन की जानकारी तक नहीं है। मामला संज्ञान में आने के बाद विभागीय अधिकारी जांच में जुट गए हैं।
प्रेमनगर स्थित मुख्य जल टैंक से तहसील चौक स्थित छोटे टैंक तक पानी की सप्लाई के लिए मुख्य लाइन बिछाई गई है। छोटे टैंक से तहसील चौक के आसपास के उपभोक्ताओं को पेयजल कनेक्शन दिए जाते हैं लेकिन नियमों के विपरीत इसी मुख्य लाइन को बीच में तोड़कर शिक्षक भवन को सीधे कनेक्शन दे दिया गया। इस अवैध कनेक्शन का असर क्षेत्र की जल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। छोटे टैंक में पानी की सप्लाई कम होने से उसे भरने में अधिक समय लग रहा है जबकि शिक्षक भवन की छत पर रखी टंकियों से पानी ओवरफ्लो होकर बर्बाद हो रहा है। गर्मी के मौसम में जहां लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए जूझ रहे हैं वहीं इस तरह की लापरवाही से लोगों में आक्रोश है।
इस संबंध में विभागीय कनिष्ठ अभियंता दीपक पांडे ने बताया कि नियमानुसार मुख्य लाइन से किसी भी उपभोक्ता को कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। यदि ऐसा किया गया है तो जांच कर अवैध कनेक्शन को हटाया जाएगा।
कोट
छोटे टैंक में जाने वाली मुख्य लाइन से किसी को भी कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। मुख्य लाइन को ब्रेक करना गलत है। किसकी अनुमति और किसने कनेक्शन दिया जांच कराई जाएगी और अवैध कनेक्शन को हटाकर छोटे टैंक से कनेक्शन दिया जाएगा। -समीर प्रताप, अधिशासी अभियंता जल निगम