गरुड़ (बागेश्वर)। क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ होने और धूप खिलने के बावजूद मेलाडुंगरी हेलीपैड से हेली सेवाओं का नियमित संचालन शुरू नहीं हो सका है। नियमित उड़ानें न मिलने के कारण आपातकालीन स्थिति में दूर-दराज जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को मौसम पूरी तरह अनुकूल रहने के बाद भी मेलाडुंगरी हेलीपैड पर हेली सेवाओं का संचालन प्रभावित रहा। हल्द्वानी से केवल एक ही हेलीकॉप्टर उड़ान भरकर यहां पहुंचा, जबकि राजधानी देहरादून से भी महज एक उड़ान ही आ सकी। आमतौर पर दोनों स्थानों के लिए रोजाना दो-दो नियमित सेवाओं का संचालन किया जाता था, लेकिन अचानक हुई इस कटौती और अनिश्चितता से हवाई यात्रियों का शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गया।
उड़ानों के समय पर न पहुंचने और कटौती होने के कारण कई यात्रियों को घंटों हेलीपैड पर इंतजार करना पड़ा, तो कई लोग मजबूरी में सड़क मार्ग से सफर करने को विवश हुए। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने उड्डयन कंपनी तथा प्रशासन से हेली सेवाओं की नियमितता बनाए रखने की मांग उठाई है। संवाद