गरुड़ (बागेश्वर)। क्षेत्र में लगातार खराब चल रहे मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को गरुड़ के मेलाडुंगरी हेलीपैड पर हेली सेवा आंशिक रूप से ही संचालित हो सकी।
मौसम में धुंध और खराबी के कारण देहरादून से तय दो उड़ानों में से एक ही हेलीकॉप्टर यहां पहुंच सका जबकि दूसरी उड़ान रद्द करनी पड़ी। दिन में मौसम में कुछ सुधार होने पर हल्द्वानी से आने वाली दोनों उड़ानें अपने निर्धारित समय पर मेलाडुंगरी हेलीपैड पहुंचीं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली। लगातार बदलते मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित होने से हेली सेवा के समयबद्ध संचालन पर असर पड़ रहा है। देहरादून की एक उड़ान रद्द होने के कारण दूर-दराज जाने वाले कई यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उन्हें अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ा। हल्द्वानी रूट की दोनों उड़ानों के सुचारू रहने से आपातकालीन और नियमित यात्रियों ने राहत की सांस ली। हेलीपैड प्रबंधन का कहना है कि मौसम साफ रहने पर ही सभी उड़ानों का नियमित संचालन संभव हो पाएगा। संवाद