स्याल्दे(अल्मोड़ा)। क्षेत्रीय विकास और मांगों के लिए चल रहा आंदोलन नौवें दिन भी जारी रहा। आमरण अनशन पर बैठे ललित बिष्ट का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी आंदोलन जारी रहेगा।
सोमवार को राकेश बिष्ट, गीता देवी, विमला देवी, मंजू, प्रतिमा और दिपा मंचवाड़ी क्रमिक अनशन पर बैठीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी रूटीन जांच कर उपचार की सलाह दी। इस दौरान नौ दिनों से आंदोलन पर बैठे ललित को स्वास्थ्य बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आंदोलन स्थल पर स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय नेताओं ने अनशनकारियों को समर्थन दिया। इस दौरान प्रभात ध्यानी, चारु तिवारी और बसंत उपाध्याय ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। स्थानीय ग्रामीणों और महिला समूहों ने भी आंदोलन में सहभागिता जताई। उनका कहना है कि यह आंदोलन वर्षों से लंबित ज्वलंत मुद्दों को सरकार के संज्ञान में लाने के लिए किया जा रहा है। आंदोलन स्थल पर मौजूद लोग प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद नारे लगाते हुए अपनी मांगों पर दृढ़ बने हुए हैं।