जिलाधिकारी अंशुल सिंह को ज्ञापन सौंपते व्यापारी। स्रोत: संगठन
अल्मोड़ा। देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल ने आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से की जाने वाली चेकिंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन के नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि त्योहारों के समय विभाग चेकिंग के नाम पर जबरन व्यापारियों का उत्पीड़न करता है जिससे उनमें दहशत का माहौल है।
नगर अध्यक्ष संजय और जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार का कहना है कि व्यापारी त्योहारों के लिए बैंक लोन लेकर स्टॉक तैयार करते हैं लेकिन बिना पुख्ता सबूत मिठाई की गुणवत्ता पर संदेह करना गलत है। उन्होंने दावा किया कि अल्मोड़ा में आज तक नकली खोया या पनीर का कोई मामला सामने नहीं आया है। ऐसी भ्रामक कार्रवाई से स्थानीय व्यापार को नुकसान पहुंचता है। व्यापार मंडल ने मांग की है कि विभाग के पास उपकरणों की कमी है, इसलिए नकली खोया-पनीर रोकने के लिए लोधिया बैरियर और जिला सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और मुख्य दोषियों पर कार्रवाई हो, न कि स्थानीय दुकानदारों को परेशान किया जाए। ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री संगठन निकेश उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष मदन रावत, हिमांशु बिष्ट, जिला संगठन मंत्री हरि कृष्ण खत्री, नीरज थापा बिट्टू, जिला संयुक्त महामंत्री नमन गुरुरानी, सुधीर गुप्ता, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, लोधिया व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरन लटवाल, मनोज लटवाल, किशन नेगी, हरीश जोशी, संजय बिष्ट, धीरज खोलिया, गोविंद रावत आदि शामिल रहे।