स्याल्दे (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे के स्याल्दे बाजार, सियानगर, छियाणी बाजार, तहसील और विकासखंड क्षेत्र में 29 से 31 अक्तूबर तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। जल संस्थान की ओर से डोभरी पेयजल स्रोत योजना की पाइपलाइन के अलाइनमेंट में बदलाव और वितरण टैंक की मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
जल संस्थान की रानीखेत शाखा के कनिष्ठ अभियंता सौरभ अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के लिए यह कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से कार्य के दौरान सहयोग करने और आवश्यकतानुसार पानी का प्रबंध पहले से करने की अपील की है।