विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा है कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही पूरे प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध है। सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाएं।
चायखान के मल्ला सालम क्षेत्र में लोगों को संबोधित करते हुए कुंजवाल ने कहा कि सरकार ने मेरा वृक्ष-मेरा धन, गाय-गंगा, मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ आदि जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन की धनराशि 400 रुपये से बढ़ाकर आठ सौ रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रचार, प्रसार न होने से कई पात्र लोग इन योजनाओं से वंचित रह जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना सभी सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ताओं का दायित्व है।
जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कई केंद्र पोषित योजनाओं में धनावंटन नहीं किया जा रहा है।
खासकर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में धनराशि न देने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार सीमित संसाधनों के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि विकास के लिए सभी को दलगत राजनीति से हटकर काम करना होगा। क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास होंगे।
बैठक में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल, प्रधान संगठन के अध्यक्ष शिव राम आर्य, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के सचिव दीवान आर्य, देवेंद्र धौनी, मनोज रावत, टीनू सिजवाली, मुकेश पांडे, राम सिंह बगड़वाल, हरीश डसीला आदि मौजूद थे।