सोमेश्वर(अल्मोड़ा)। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के मजखाली मंडल सहित आसपास के गांवों में जन मिलन कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मंत्री रेखा आर्या ने पीपलटाना, मकणों, मंगचौड़ा, बबूरखोला, मछलिया और तुस्यारी गांवों में सड़क निर्माण, सोलर लाइट स्थापना, पेयजल सुधार, मंदिर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण जैसी योजनाओं के लिए विधायक निधि से लाखों रुपए आवंटित करने की घोषणा की। पीपलटाना और मकणों में दो-दो सीसी रोड और 10-10 सोलर लाइट लगाने की घोषणा की गई। मंगचौड़ा में पेयजल व्यवस्था सुधार के लिए चार लाख, दो सड़क निर्माण के लिए 4.5 लाख और 21 सोलर लाइट की मंजूरी दी गई। बबूरखोला में भगवती मंदिर की छत के लिए दो लाख रुपये और 10 सोलर लाइट, मछलिया में 10 सोलर लाइट, और तुस्यारी में दो मंदिरों के निर्माण के लिए 3.5 लाख रुपये और राजकीय इंटर कॉलेज का रास्ता बनाने के लिए जिला पंचायत से 3 लाख रुपये जारी किए । मंत्री ने महिलाओं से डेयरी और पशुपालन में रोजगार की पहल के लिए प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने का आग्रह किया, ताकि सरकारी मदद उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही विद्यालयों में खेल मैदान निर्माण के लिए जमीन की उपलब्धता एवं आवश्यक दस्तावेज मिलने पर खेल विभाग से बेहतर खेल सुविधाएं दिलाने का आश्वासन भी दिया।