सिमतोला ईको पार्क में गानों पर नृत्य करती युवतियां।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। 2019 को विदाई और नए साल के आगमन की तैयारी में मशगूल पर्यटकों ने मंगलवार को थर्टी फर्स्ट में खूब मस्ती की। बिनसर, कसारदेवी, मचखाली, सोनी बिनसर और कटारमल सूर्य मंदिर में पर्यटकों ने प्रकृति का जमकर आनंद लिया। इधर स्थानीय लोगों ने नगर के आसपास के स्थलों में पिकनिक मनाई। केएमवीएन समेत कुछ होटलों में पर्यटकों के लिए कुमाऊंनी व्यंजन भी परोसे गए।
बिनसर में मंगलवार को काफी संख्या में सैलानी घूमने पहुंचे। केएमवीएन के वरिष्ठ प्रबंधक गोपाल बिष्ट ने बताया कि करीब सौ से ऊपर लोगों की भीड़ रही लेकिन कुछ देर बाद ये अगले पर्यटन स्थलों की ओर निकल गए। जबकि 40 के करीब पर्यटक बिनसर में ही रुके।
इस दौरान पर्यटकों को केएमवीन की ओर से कुमाऊंनी भोजन गहत की दाल, भट्ट की चुटकानी और पहाड़ी सब्जी परोसी गई। होटल शिखर के स्वामी राजेश बिष्ट ने बताया कि पर्यटकों ने धूप में बैठकर पहाड़ी भोजन का जमकर आनंद लिया। उन्होंने बताया अधिकतर कमरे पर्यटकों से भरे रहे। इधर मध्य प्रदेश, दिल्ली एनसीआर, यूपी से भी काफी संख्या में पर्यटक अल्मोड़ा में प्रकृति का नजारा लेने पहुंचे।
इधर स्थानीय लोगों ने सर्द मौसम के बावजूद नगर से सटे कसारदेवी, पपरसली स्थित ईको पार्क, ड्योलीडाना में पिकनिक मनाई। इस दौरान सामूहिक रूप से महिलाओं और युवाओं ने घर के बने भोजन का स्वाद लिया। ईको पार्क में अधिकतर लोग परिवार समेत भोजन करते दिखे।
उन्होंने बताया कि वह लोग आलू, पूरी, चना और अचार लेकर पिकनिक का आनंद ले रहे हैं। युवाओं ने गीत, संगीत का आनंद लिया। मंगलवार का दिन होने के कारण मीट बाजार बंद रही। इधर शाम को बाजार में पनीर नदारद रहा। गाजर और मटर खूब बिकी। सुरक्षा के लिए जगह जगह पुलिस कर्मी गश्त करते दिखे।