जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में पानी की जबरदस्त किल्लत चल रही है। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत खाना बनाने के लिए भोजन माता चार किमी दूर पहाड़पानी से पानी ढो रही है। जिससे मध्यान्ह भोजन बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राएं अपने-अपने घरों से पीने का पानी ला रहे हैं।
जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में पेयजल कनेक्शन नहीं है। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए भारी दिक्कतें हो रही है। भोजन माता मध्याह्न भोजन बनाने के लिए चार किमी दूर पहाड़पानी से पानी ढो रही हैं। कई बार पहाड़पानी में भी पानी नहीं मिल रहा है। ऐसे में मध्यान्ह भोजन बनाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस विद्यालय में नाटाडोल, भांगादेवयोली, जलना, मोरपट्यूड़ी समेत आठ दस किमी दूरस्थ गांवों से बच्चे पढ़ने आते हैं। छात्र-छात्राएं अपने-अपने घरों से पीने के लिए बोतलों में पानी ला रहे हैं। कई बच्चे काफी दूर से पैदल चलकर विद्यालय पहुंचते हैं। पुस्तकों के बोझ के साथ ही उन्हें पानी भी लाना पड़ रहा है। जिससे बच्चे भी काफी परेशान हैं। अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय को पेयजल कनेक्शन देने की मांग को लेकर जल निगम के अधिशासी अभियंता को पूर्व में ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक पेयजल कनेक्शन नहीं लगा है। उन्होंने विद्यालय में पेयजल कनेक्शन जल्द नहीं लगने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।