बेस अस्पताल में स्थापित हार्ट केयर यूनिट के बंद होने की स्थिति की संभावना को देखते हुए विभिन्न संगठनों के लोगों ने नगरपालिका सभागार में बैठक की और बाद में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट नई दिल्ली के अवशेष धनराशि का भुगतान करके भविष्य के लिए अनुबंध बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अल्मोड़ा में चिकित्सा की व्यवस्थाओं की दशा पहले से ही खराब है। पिछले एक साल से हार्ट केयर यूनिट का लाभ अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी मिल रहा है।
उन्होंने इस मामले में जल्द निर्णय नहीं होने पर 20 दिसंबर से आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
बता दें कि बृहस्पतिवार को अमर उजाला में बेस अस्पताल में स्थित हार्ट केयर यूनिट सेंटर के 20 दिसंबर से बंद होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
हार्ट केयर यूनिट बंद होने की जानकारी मिलने पर विभिन्न संगठन से जुड़े लोगों में इस बात को लेकर काफी रोष व्याप्त है। लोगों ने यहां नगरपालिका परिषद सभागार में हुई बैठक में इस बात को लेकर रोष जताया कि हार्ट केयर सेंटर का अनुबंध अभी तक नहीं बढ़ाया गया है।
बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नेशनल हार्ट संस्थान नई दिल्ली से अनुबंध बढ़ाने और बकाया भुगतान करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, बहादुर सिंह मनकोटी, मनोज सनवाल, सभासद अशोक पांडे, पीसी तिवारी, अल्मोड़ा अरबन बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल, किशन चंद्र गुरुरानी, पूरन रौतेला, केवल सती, बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेश परिहार, हर्षवर्धन साह, प्रशांत जोशी, सीपीएम के दिनेश पांडे, डे केयर सेंटर के अरुण कुमार पंत, वैभव पांडे, दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष दीप सिंह डांगी, जीसी जोशी, संजय साह रिक्खू आदि शामिल थे।