लमगड़ा विकासखंड के अंतर्गत अनरियाकोट में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर फूंक गया है। इससे अनरियाकोट गांव में एक सप्ताह से अंधेरा छाया हुआ है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली की आपूर्ति शीघ्र सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रधान नंदन सिंह रावत और सामाजिक कार्यकर्ता लछम सिंह रावत ने बताया कि सात दिन पहले गांव का बिजली का ट्रांसफार्मर फूंक गया था। इसकी सूचना ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दे दी थी। अभी तक ऊर्जा निगम खराब ट्रांसफार्मर को नहीं बदल पाया है। उन्होंने बताया बिजली गुल होने से ग्रामीण काफी परेशान है। इन दिनों उत्तराखंड बोर्ड के हाइस्कूल और इंटर की परीक्षाएं चल रही हैं।
बिजली नहीं होने के कारण परीक्षार्थियों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। उन्हें मजबूरन मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ रही है। रात्रि के समय गांव में जंगली जानवर का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि खराब पड़े ट्रांसफार्मर को ऊर्जा निगम ने शीघ्र नहीं बदला तो निगम के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।