चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चौखुटिया में सोमवार को एक स्कूल के चौदह छात्रों सहित सोलह लोग पॉजिटिव मिले हैं। स्कूल को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। ब्लॉक निगरानी समिति ने आपसी विचार-विमर्श के बाद गांव स्तर पर छात्रों की निगरानी करते हुए और अधिक सावधानी बरतने और सभी स्कूलों में सैनिटाइजर आदि के छिड़काव करने की बात कही है।
सोमवार को जीआईसी तड़ागताल के चौदह छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा एक स्वास्थ्य कर्मी और एक व्यक्ति महाकालेश्वर का भी पॉजिटिव निकला है।
10 दिसंबर को जीआईसी तड़ागताल के एक छात्र के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद 11 दिसंबर को स्कूल के सभी छात्रों और स्टाफ सहित कुल 107 लोगों की सैंपलिंग की गई थी। 14 दिसंबर को आई रिपोर्ट में स्कूल के 14 छात्रों के पॉजिटिव निकलने से हड़कंप मच गया है।
सीएचसी के प्रभारी डॉ. अमित रतन ने बताया कि चौदह छात्रों का संक्रमित निकलना चिंता की बात है। ब्लॉक निगरानी समिति के निर्देश पर ग्राम निगरानी समिति के माध्यम से सभी पॉजिटिव छात्रों के साथ ही अन्य छात्रों और उनके परिजनों पर भी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
इधर बीईओ भारत जोशी ने बताया कि जीआईसी तड़ागताल को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। वस्तु स्थिति से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। सभी स्कूलों में सैनिटाइजेशन के निर्देश पहले से ही दिए गए हैं। इसको लेकर स्थानीय प्रशासन से भी लगातार संवाद किया जा रहा है।