दशहरा महोत्सव को लेकर बैठक लेते एडीएम बीएल फिरमाल।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। दशहरा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव के लिए 14 फुट ऊंचे ही पुतलों का निर्माण होगा। महोत्सव को शांतिपूर्वक मनाए जाने को लेकर अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल ने दशहरा मेला समिति के सदस्यों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कहा कि पुतला कमेटी के सदस्यों को परिचय पत्र जारी करें, ताकि महोत्सव में किसी प्रकार का व्यवधान और अशांति का माहौल नहीं रहे।
तय हुआ कि सभी पुतले शिखर होटल के पास टैक्सी स्टैंट में दिन में एक बजे एकत्र होंगे। 2:30 बजे पुतलों का जुलूस शुरू होगा। यहां से पुतले लाला बाजार होते हुए पल्टन बाजार होते हुए स्टेडियम पहुंचेंगे। मुख्य बाजार में किसी प्रकार की आतिशबाजी नहीं की जाएगी।
एडीएम ने दशहरा महोत्सव को पर्यटन से जोड़ने के लिए वीडियो और फोटोग्राफी के निर्देश जिला पर्यटन अधिकारी को दिए। ईओ पालिका को निर्देशित किया कि स्ट्रीट लाईटें और पुलिस विभाग सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखे। एसडीएम और डीएसपी को निर्देश दिए कि नगर का संयुक्त भ्रमण कर विद्युत, केबिल, टेलीफोन और जल संस्थान की लाइनों का निरीक्षण कर लें ताकि पुतलों के जुलूस में कोई बाधा नहीं हो।
निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम स्थल स्टेडियम में एक एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और डाक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी। एडीएम ने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले पुतलों को ट्राफी प्रदान की जाएगी। दशहरे के दिन शराब की दुकानें दोपहर एक बजे बाद बंद रहेंगी। बैठक में दशहरा समिति के अध्यक्ष अजीत कार्की, मनोज वर्मा, दर्शन रावत, संजय अग्रवाल, हर्षिता टम्टा, डीएसपी कमल राम आर्य, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सविता हंयाकी, कोतवाल अरुण वर्मा, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, डीएसओ सीएल वर्मा आदि ने भाग लिया।