रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में कई इलाकों में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन कई लोग टुल्लू पंप का इस्तेमाल कर पानी की चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। शिकायत के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय ने जल संस्थान के अधिकारियों के साथ तल्ली रियूनी क्षेत्र का निरीक्षण किया और मुख्य लाइन से पानी चोरी में लगे चार टुल्लू पंपों को जब्त कर लिया। हिदायत दी कि लोग बाज नहीं आए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मजखाली के रियूनी क्षेत्र में लंबे समय से पानी की किल्लत चल रही है। पेयजल किल्लत के दौरान मुख्य पेयजल लाइन से पानी चोरी की बार-बार शिकायतें आ रही थीं। इस संबंध में प्रशासन से भी शिकायत की गई थी। संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय ने जल संस्थान के अधिकारियों के साथ तल्ली रियूनी क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान टीम में क्षेत्र के प्रधान को भी शामिल किया गया। पता चला कि मुख्य पेयजल लाइन से चार टुल्लू पंपों के माध्यम से पानी की चोरी की जा रही थी। संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद टुल्लू पंपों को जब्त कर लिया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि पकड़े गए उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी। भविष्य में यदि फिर पुनरावृत्ति हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जल संस्थान के अवर अभियंता मनोज पांडे, ग्राम प्रधान हरीश राम सहित तमाम लोग मौजूद थे।