अल्मोड़ा/रानीखेत। नानीसार बचाओ उत्तराखंड बचाओ संघर्ष समिति की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत स्टिंग मामले में सीबीआई का शिकंजा कसता देख अब भावनात्मक रुख अपना रहे हैं।
द्वारसौं में अध्यक्ष विशन सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गिरफ्तारी के भय से रावत कह रहे हैं कि मेरा ही घर लूटा, मुझे ही मुजरिम बना रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते समय नानीसार की भूमि जिंदल ग्रुप को कौड़ियों के भाव बेच दी और विरोध करने पर ग्रामीणों पर मुकदमे लगा दिए।
अपनी सत्ता बचाने के लिए स्टिंग आपरेशन में वह विधायकों की खरीद फरोख्त करने से भी पीछे नहीं हटे। समिति ने भाजपा को भी कठघरे में खड़ा किया। कहा भाजपा भी कांग्रेस की राह पर चलकर अपने चुनावी वायदे भूल चुकी है। बैठक में संघर्ष समिति के राजेंद्र राणा, पदम सिंह, आनंद सिंह, प्रताप सिंह, दिवान सिंह, गोपाल सिंह राणा, दया राणा, हीरा राणा, पूजा राणा, दुर्गा राणा आदि मौजूद रहे।
इधर, उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठते ही हरीश रावत अहंकारी होकर मनमर्जी कर रहे थे। इसी कारण आज ये दिन देख रहे हैं।