पुलिस गिरफ्त में जिला सहकारी बैंक लमगड़ा का कैशियर जीवन सिंह।
- फोटो : amar ujala
एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर पुलिस ने जिला सहकारी बैंक लमगड़ा में हुए 72 लाख रुपये से अधिक के घोटाले में बैंक के पूर्व कैशियर जीवन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपियों तत्कालीन शाखा प्रबंधक संजय लोबियाल और ममता शैलेश चंद्र को पुलिस तलाश कर रही है।
लमगड़ा थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कैशियर जीवन सिंह बिष्ट पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम उज्योला पोस्ट भट्ट खोला ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक संजय लोबियाल और ममता शैलेश चंद्र के साथ मिलकर खाताधारकों की एफडीआर, बचत और चालू खातों से करीब 27.53 लाख रुपये हड़प लिए थे। अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक के उप महाप्रबंधक रामविलास सिंह ने लमगड़ा थाने में धारा 409 ,420 ,467, 468 , 471 के तहत आरोपियों के अभियोग पंजीकृत कराया गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी जीवन सिंह और तत्कालीन शाखा प्रबंधक ममता शैलेश चंद के खिलाफ कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड मोतिया पाथर और चायखान समिति के बैंक में जमा करीब 44.85 रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज है। दोनों मामलों में करीब 72 लाख रुपये से अधिक का घोटाला किया गया है। अभियोग की विवेचना उपनिरीक्षक श्वेता नेगी द्वारा की जा रही थी। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में महिला थानाध्यक्ष श्वेता नेगी, उपनिरीक्षक पुनीता बलोदी, सौरभ भारती और धीरज बोरा शामिल थे।