जागेश्वर (अल्मोड़ा)। राजस्व और वन विभाग की टीम ने आखिरकार खाली-कुंजा गूठ और सिरौदा-मंतोला गूठ वन पंचायत सीमांकन विवाद का निपटारा कर दिया है।
मंगलवार को सीमांकन की मांग उठने पर स्थानीय लोगों की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खसरा मिलान किया। इसके बाद टीम ने जागनाथ इंटर काॅलेज शौकियाथल के मंतोला गूठ वन पंचायत में बने होने की पुष्टि की। सड़क के पास जनमिलन केंद्र, सरस्वती मंदिर, हनुमान मंदिर के भी इस वन पंचायत भूमि पर होने की पुष्टि की।
राजस्व निरीक्षक सुंदर सिंह गोसाईं ने बताया कि राजस्व और वन विभाग की टीम फिर से खाली कुंजा गूठ और मंतोला गूठ का सीमांकन कर रिपोर्ट तहसीलदार भनोली के माध्यम से एसडीएम को सौंपेगी।
टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष लोहनी, सुरेश अंडोला, वन दरोगा लक्ष्मण सिंह, वन बीट अधिकारी मनोज ज्याला, डीएन भट्ट, हरीश भट्ट, हेमचंद भट्ट, केवल भट्ट, सुंदर सिंह आदि मौजूद रहे।