धौलादेवी ब्लॉक के क्वैराली के जंगलों में भड़की आग।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जंगलों की आग ग्रामीणों के लिए लगातार मुसीबत पैदा कर रही है। धौलादेवी ब्लॉक के क्वैराली में जंगल की आग आबादी क्षेत्र तक पहुंच गई और उसने लोगों के इकट्ठा किए 42 घास के लुट्टे राख कर दिए। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार की देर रात जंगल में आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की तेज लपटे गांव की ओर बढ़ने लगी। रात करीब तीन बजे गोठ में बंधे पशुओं की आवाज से ग्रामीणों की नींद टूटी तो उन्होंने आग को घरों की ओर बढ़ते देखा। इसके बाद उनके बीच हड़कंप मच गया। लोगों ने बिना देर किए आग को बुझाना शुरू कर दिया। गांव वालों ने आग पर काबू तो पा लिया लेकिन तब तक 42 घास के ढेर खाक हो चुके थे। आग से हुए नुकसान से ग्रामीणों में रोष है।
ग्राम प्रधान मोहन सिंह समेत ने मुआवजे की मांग की है। उधर, सिविल सोयम के रेंजर केवलानंद पांडे का कहना है कि आग नाप भूमि में लगी है, जंगल की आग नहीं है। वहीं आग गोविंद भट्ट के 18, गोपाल भट्ट के सात, आनंद भट्ट के 10, चनर सिंह कार्की के सात और ललित मोहन खनी के तीन घास के लुट्टे जल गए। जबकि बीते दिनों नैनी में ही ललित मोहन खनी के तीन घास के लुट्टे भी जल गए थे।