रानीखेत (अल्मोड़ा)। राष्ट्रीय खेल दिवस रानीखेत क्षेत्रवासियों के लिए खुशी लाया है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे वयोवृद्ध फुटबाल कोच मो. इदरीश बाबा को देहरादून फुटबाल एकेडमी ने 2020 का उत्तराखंड फुटबाल रत्न अवार्ड बेस्ट फुटबाल कोच और प्रमोटर से नवाजा है। यह अवार्ड ऑनलाइन दिया गया है। बाबा की हालत गंभीर है। उन्हें कोई सम्मान नहीं मिला था, जीवन के अंतिम पलों में बाबा को यह सम्मान मिलने से खेलप्रेमियों में खुशी है। खेल प्रेमी सरकार से भी उन्हें बड़े सम्मान से नवाजने की मांग कर रहे हैं।
मो. इदरीश बाबा ने फुटबाल खिलाड़ियों का भविष्य संवारने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। ताउम्र विवाह नहीं किया। उन्होंने अपनी जमा पूंजी भी खिलाड़ियों पर लगा दी। दो माह से वह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव में वह मुफलिसी के दिन गुजार रहे हैं। खबर प्रकाशित होने के बाद उनके शिष्य और स्थानीय लोग हरकत में आए, उन्हेें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। फिलहाल बाबा की हालत नाजुक है। स्थानीय लोग बाबा को सम्मान दिलाने की मांग उठा रहे थे। देहरादून फुटबाल एकेडमी इसके लिए आगे आई हैं। एकेडमी के संस्थापक अध्यक्ष और हेड कोच वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि एकेडमी ने उन्हें उत्तराखंड फुटबाल रत्न अवार्ड 2020 बेस्ट फुटबाल कोच और प्रमोटर का पुरस्कार दिया है। अभी यह पुरस्कार ऑनलाइन घोषित किया है। कुछ दिनों में बाबा को सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने बाबा के प्रयासों की सराहना की। कहा कि उत्तराखंड फुटबाल एसोसिएशन को भी आगे आना चाहिए।