कोसी नदी में इन दिनों पर्याप्त पानी होने के बावजूद अल्मोड़ा नगर में पेयजल अव्यवस्था बनी हुई है। वितरण व्यवस्था गड़बड़ाने से नगर में पानी की सप्लाई का कोई समय नहीं है। जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना पड़ता है। कई बार पानी दिन के वक्त 10 बजे आता है और तब अधिकांश लोग घरों से निकले रहते हैं। लोगों का कहना है कि जब जाड़े के सीजन में ऐसी हालत है तो गर्मियों में स्थिति और खराब हो जाएगी।
कोसी नदी में बैराज बनने के बाद से नगर में पेयजल स्थिति में काफी सुधार आया है। कोसी नदी से वर्तमान में नगर में 8.5 एमएलडी पानी आता है, लेकिन वितरण व्यवस्था सही नहीं होने से कई लोगों को पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। नगर के कई मोहल्लों में कहीं सुबह पांच बजे, दिन में 10 बजे और दोपहर के समय तो कहीं रात के समय पानी आता है। समय से पानी न आने से कई लोग पेयजल आपूर्ति से वंचित हो रहे हैं। पूर्वी पोखरखाली, ढूंगाधारा में जहां तड़के पांच बजे पानी आता है तो नरसिंहबाड़ी क्षेत्र में दस बजे बाद पानी आता है। तब तक नौकरी पेशा लोग घरों से निकलकर दफ्तरों और अपने कार्यस्थलों की ओर चले जाते हैं।
लाला बाजार क्षेत्र में सायं 7:30 के बाद पानी लोगों को मिल पा रहा है। पानी के असमान वितरण से लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जल संस्थान को एक नियमित समय बनाना चाहिए जिसमें सभी को पेयजल उपलब्ध हो सके। अगर ठंड के दिनों में ऐसी स्थिति है तो गर्मियों में तो लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नंद किशोर ने बताया कि रोटेशन प्रणाली पूर्व से ही चली आ रही है। वर्तमान में इस व्यवस्था में बदलाव संभव नहीं है, क्योंकि नगर में लगे दस टैंकों की क्षमता 5.5 एलएलडी ही है। जिसकी वजह से पानी सभी को एक समय में दिया जाना काफी मुश्किल है।