भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी नगर की खजांची मोहल्ला निवासी एकता बिष्ट ने श्रीलंका में चल रहे महिला विश्व कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दस ओवर में आठ रन देकर पाकिस्तान के पांच विकेट लिए और भारतीय टीम को जीत दिलाकर प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं।
कोलंबो में हुए मैच में पहले खेलते हुए पाकिस्तान की टीम 67 रन पर सिमट गई। एकता ने किफायती गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दस ओवर में सात ओवर मेडन दिए और मात्र आठ रन देकर पाकिस्तान के पांच विकेट गिरा दिए। जवाब में भारतीय टीम ने 22.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाकर मैच जीत लिया। एकता मैच में प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं। प्रतियोगिता के चार मैचों में एकता अब तक 12 विकेट ले चुकी हैं।
एकता के शानदार प्रदर्शन पर उनके कोच लियाकत अली खान, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धवन, विधायक मनोज तिवारी, ललित लटवाल, जगदीश वर्मा, मनोज सनवाल, सुशील साह, दीप सिंह डांगी, विनोद चौहान आदि ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने आशा जताई है कि आगामी मैचों में भी एकता शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।