बागेश्वर। होली के त्योहार के बाद जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोल संकट गहरा गया है। नगर के मुख्य पंपों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर तेल समाप्त होने से वाहन चालकों की और कामकाजी लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नगर के माल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं लेकिन तेल न होने के कारण चालकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय के माल रोड पंप के अतिरिक्त कांडाधार, गाड़गांव, द्यांगड़ और बिलौना स्थित पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो गया। इन पांचों प्रमुख पंपों पर तेल न होने से दोपहिया और चौपहिया वाहन स्वामियों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। लोग ईंधन भरवाने के लिए एक पंप से दूसरे पंप की दौड़ लगाते दिखे।
.......कोट
तीन पंपों के चक्कर काट चुका हूं लेकिन कहीं भी पेट्रोल नहीं मिल रहा है। ऑफिस जाने के लिए गाड़ी में तेल नहीं है अब पैदल जाने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। -जगदीश नारायण
- घर से किसी जरूरी काम के लिए निकला था। बिलौना और माल रोड दोनों जगह पेट्रोल खत्म है। त्योहार के बाद ऐसी किल्लत की उम्मीद नहीं थी। अब मुझे किसी से मदद मांग कर अपने कार्य करने पड़ेंगे। -आशीष उपाध्याय
-पेट्रोल के लिए भटक रहा हूं। सुबह माल रोड पंप पर लंबी लाइन लगी थी। जब मेरा नंबर आया तो पता चला तेल खत्म हो गया है। अब द्यांगड़ और बिलौना गया वहां भी पेट्रोल नहीं मिला। -राजेंद्र खनका
-होली के दौरान टैंकर चालकों के अवकाश पर होने के कारण आपूर्ति में कुछ समस्या आई है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। शनिवार सुबह 10 बजे तक जिले के सभी पंपों पर पेट्रोल की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। -जीबी पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी बागेश्वर