शराब तस्करी में पकड़े गए आरोपी पुलिस के साथ।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान सोमेश्वर और सल्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लाख 78 हजार रुपये की शराब बरामद की है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए तीन वाहन भी सीज कर दिए हैं। तस्कर शराब बाजपुर से बागेश्वर बेचने ले जा रहे थे। उपमहानिरीक्षक कुमाऊं जगत राम जोशी ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं एसएसपी पीएन मीणा ने भी एसओजी एवं पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। एसएसपी ने बताया कि इन तस्करों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।
बीते रविवार को एसओजी और सोमेश्वर पुलिस की टीम ने कौसानी रोड पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान ऑल्टो कार यूके01-टीए- 1002 को चेक किया। वाहन में सवार अनिल जोशी पुत्र बिशन जोशी निवासी ग्राम लालडांट, हल्द्वानी और एक अन्य जो कि मौके से भाग गया, के कब्जे से छह पेटी व्हिस्की बरामद हुई। पूछताछ के दौरान अनिल जोशी ने बताया कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में और शराब आ रही है।
कुछ देर बाद टीम ने कंटेनर संख्या- यूके-04-सीए-5783 के आने पर उसे भी चेक किया। जिसमें विजय नयाल पुत्र संतन सिंह नयाल निवाड़ी दाड़ीमखोला, भगटोला सोमेश्वर, हरमेवल सिंह पुत्र चंदन सिंह, दोराहा, बाजपुर ऊधमसिंह नगर के कब्जे से 90 पेटी व्हिस्की समेत कुल 6.50 लाख की 96 पेटी शराब बरामद की। तीनों के खिलाफ सोमेश्वर में 26/2019 धारा-60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की गई। जबकि शराब तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो और कंटेनर दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस द्वारा मौके से फरार व्यक्ति की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि विजय नयाल के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी के पांच अभियोग पंजीकृत हैं।
थाना सल्ट में भी बीते दिन एसओजी एवं सल्ट पुलिस की संयुक्त टीम ने लमखाल बैंड सराईखेत के पास बुलेरो यूके-01-टीए-2561 में सवार ललित बिष्ट पुत्र स्व. प्रहलाद बिष्ट निवासी कुड़ीधार पोस्ट- मानीला, भिकियासैंण, दौलत सिंह पुत्र प्रेम सिंह, पैठाना, स्यालदे के कब्जे से आठ पेटी अंग्रेजी शराब ,दो पेटी बियर बरामद की। जिसकी कीमत 57,840 है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर वाहन को भी सीज कर दिया है।