कौसानी (बागेश्वर)। कौसानी के सोली गांव निवासी दृष्टिबाधित कुंदन सिंह कुंवर (41) को बीते बृहस्पतिवार को पालतू कुत्ते ने काट दिया था। शुक्रवार को वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में रेबीज वैक्सीन लगाकर घर जा रहा था तभी मोड़दार रास्ते से नीचे सड़क पर गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने पर उसकी मौत हो गई।
कौसानी के कोतवाली प्रभारी दिनेश पंत ने बताया कि दृष्टिबाधित कुंदन सिंह कुंवर पुत्र जगमोहन सिंह कुंवर को पालतू कुत्ते ने काट दिया था। शुक्रवार को वह रेबीज का इंजेक्शन लगाने के लिए पीएचसी आया था। रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद वह घर जा रहा था। इसी समय वह मोड़दार रास्ते पर अचानक नीचे सड़क पर गिर गया।
बताया कि उसके सिर के एक हिस्से पर गंभीर चोट लगी और आसपास के व्यापारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बाद में अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में गिरने के कारण ही उसकी दोनों आंखों की रोशनी चली गईं थी। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह अक्सर अकेले ही बाजार आता रहता था।
तीन चिकित्सकों में से एक भी नहीं था अस्पताल में
जिला पंचायत सदस्य बलवंत बबलू नेगी, नीरज नेगी, ग्राम प्रधान किशन कुमार, अशोक कुमार, अनिल राणा, सुंदर नयाल आदि दृष्टिबाधित कुंदन सिंह कुंवर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। जिपं सदस्य ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे हादसा हो गया था। जब हम उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तो वहां एक भी चिकित्सक नहीं था। उन्होंने कहा कि जबकि अस्पताल में तीन चिकित्सक तैनात हैं। बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सक भी 11 बजे के बाद पहुंचे। उन्होंने ही उसे मृत घोषित किया। बाद में सीएचसी गरुड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी भी पहुंच गए थे।
कोट
कौसानी अस्पताल के चिकित्सक स्वास्थ्य पखवाड़े के तहत विभिन्न गांवों में लगे शिविर में गए थे। सूचना पर सीएचसी बैजनाथ के प्रभारी को मौके पर भेजा गया। युवक की हेड इंजरी से अस्पताल लाने तक मौत हो गई थी। - डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ बागेश्वर